विद्यार्थी सहयोग शिविर में आए दो आवेदन, डीपीओ ने किया छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन

 


किशनगंज, 25 अगस्त (हि.स.)। नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में सर्व शिक्षा अभियान की डीपीओ रूबी कुमारी मौजूद रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

शिविर के दौरान यूजी सेमेस्टर-1 की समाजशास्त्र की छात्रा रिया ने महाविद्यालय में शौचालय निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया। वहीं, अंग्रेजी विषय की छात्रा पायल ने पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।

डीपीओ ने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे लिखित आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के उद्देश्य से सभी महाविद्यालयों एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को शिविर का नियमित रूप से आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान कराया जा सके। प्रधानाचार्य ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर एलएईओ द्वारा महाविद्यालय में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है।

वहीं, कार्यकारी एजेंसी की ओर से पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए जल्द ही मोटर लगाया जाएगा। नामांकित विद्यार्थी कॉलेज से संबंधित अपनी समस्याएं मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन भी दर्ज करा सकते हैं।

शिविर के नोडल पदाधिकारी प्रकाश रंजन दीन ने कहा कि नवसृजित महाविद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो रही हैं और विद्यार्थियों की उपस्थिति भी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से निडर होकर अपनी समस्याएं बताने की अपील की।

मौके पर नवनियुक्त शिक्षक डॉ. प्रबीर कुमार घोष, डॉ. मुस्तईज, डॉ. मिराज हक, अयन दत्त, भूपेन्द्र कुमार सिंह सहित ऑफिस अटेंडेंट राजीव कुमार गुप्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह