सारण जिले के दाउदपुर में ट्रक ने युवक को रौंदा, मौके पर ही मौत

 






सारण, 27 जून (हि.स.)। दाउदपुर छपरा सिवान मुख्य मार्ग एनएच 531 पर एक सड़क हादसे में 36 वर्षीय विमल कुमार नामक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार होटल संचालक विमल कुमार रोज की तरह सुबह अपनी दुकान खोलने के लिए दाउदपुर बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि विमल कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने में सफल रहा, जिसकी पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक 8 साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार