त्रिवेणीगंज एसएफसी गोदाम में खाद्यान्न उठाव पर जांच तेज, संचालन व्यवस्था पर भी उठे सवाल

 


सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज स्थित राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम में सरकारी खाद्यान्न के उठाव और कथित अनियमितता को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। लगातार दूसरे दिन अधिकारियों ने गोदाम का निरीक्षण किया, जिससे पूरे मामले की गंभीरता स्पष्ट हो रही है।

जांच के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) ने पाया कि सहायक गोदाम प्रबंधक (एजीएम) की गैरमौजूदगी में ही खाद्यान्न का उठाव किया जा रहा था। वहीं, एक बोरी चावल लेकर भागने की सूचना ने मामले को और संदेहास्पद बना दिया है। हालांकि, अब तक प्रशासन ने कालाबाजारी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार त्रिवेणीगंज एसएफसी गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक (एजीएम) सुपौल में रहते हैं। उनके पास पिपरा एसएफसी गोदाम और खाद्यान्न उठाव का भी अतिरिक्त प्रभार है।

ऐसे में स्थानीय स्तर पर गोदाम की व्यवस्था एक निजी व्यक्ति के भरोसे संचालित होने की चर्चा है। इसी कारण खाद्यान्न के रखरखाव, सुरक्षा और वितरण प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन इन सभी दावों और आरोपों की जांच के दौरान पड़ताल कर रहा है।

मामले पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि एजीएम को बुलाया जा रहा है। उनके आने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की जांच जारी है।

यदि जांच में सरकारी खाद्यान्न के उठाव, भंडारण या वितरण में अनियमितता, लापरवाही अथवा कालाबाजारी की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि आरोप सही नहीं पाए जाते हैं तो जांच रिपोर्ट से स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र