त्रिवेणीगंज के अंचलाधिकारी काे हटाया गया, राजस्व अधिकारी प्रेम शंकर को मिला प्रभार

 


सुपौल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। त्रिवेणीगंज अंचल कार्यालय में राजस्व कार्यों में लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर त्रिवेणीगंज की अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान अंचल के सभी कार्यों एवं प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें अब सुपौल स्थित अपर समाहर्ता कार्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

समाहरणालय से 30 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश संख्या 993 के अनुसार, राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान त्रिवेणीगंज अंचल में राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, अतिक्रमणवाद, लोक शिकायत निवारण और सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही पाई गई थी। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के निष्पादन में भी उदासीनता बरती जा रही थी। आदेश में कहा गया है कि उच्चाधिकारियों की ओर से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यों में संतोषप्रद सुधार नहीं हुआ। इसके बाद प्रशासनिक दृष्टिकोण और जनहित में अंचल कार्यालय के सुचारू संचालन तथा विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया।

जारी आदेश के मुताबिक, त्रिवेणीगंज अंचलाधिकारी का पदभार मरौना के राजस्व अधिकारी प्रेम शंकर को सौंपा गया है। अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह को निर्देश दिया गया है कि वे त्रिवेणीगंज अंचल का संपूर्ण प्रभार प्रेम शंकर को सौंपना सुनिश्चित करें।

बिहार कोषागार संहिता-2011 के नियम 84 के तहत प्रेम शंकर को त्रिवेणीगंज अंचल के वित्तीय कार्यों के निष्पादन के लिए निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की शक्ति भी प्रदान की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसकी प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र