कटिहार में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' की व्यापक तैयारी, वंदे मातरम् की 150वीं थीम पर होगा आयोजन
कटिहार, 07 अगस्त (हि.स.)। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में कटिहार जिले में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को भव्य और सफल बनाने की प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस वर्ष यह अभियान 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को प्रबल करना तथा व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक राशि आवंटित कर दी गई है। जिला प्रशासन की योजना के तहत जीविका के माध्यम से झंडों का क्रय किया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड में न्यूनतम 4,000 झंडे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम नागरिकों में वितरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत जिलेभर में विभिन्न आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें तिरंगा और वंदे मातरम् पर आधारित प्रदर्शनी, तिरंगा रैली, 'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान, तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा, रंगोली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और सरकारी भवनों का त्रिवर्णीय प्रकाशांकन शामिल है। विशेष रूप से आगामी 12 अगस्त को जिला स्तर पर एक भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी, जिसमें छात्र, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठन बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
जिलाधिकारी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को विशिष्ट दायित्व सौंपे हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, ऑनलाइन क्विज और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पंचायती राज, सहकारिता, स्वास्थ्य, आईसीडीएस और जनसंपर्क विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अपने-अपने स्तर से जागरूकता फैलाने और झंडोत्तोलन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को वरीय प्रभार सौंपा गया है। प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी कार्यक्रमों की मीडिया कवरेज रिपोर्ट, फोटो और वीडियो प्रतिदिन आधिकारिक वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं, ताकि अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह