सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के नेतृत्व में निकला तिरंगा यात्रा

 








सारण, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी सारण पश्चिमी द्वारा महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं जिलाध्यक्ष उमेश तिवारी के नेतृत्व में एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ता, युवाओं, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने भाग लिया।

यात्रा का शुभारंभ जलालपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय व वंदे मातरम् के जयघोष के साथ बाइक रैली निकाली।

तिरंगा यात्रा जलालपुर से शुरू होकर पुछरी बाजार, कन्हौली और परसागढ़ होते हुए एकमा और दाउदपुर की ओर आगे बढ़ी। मार्ग में निजी और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान रास्ते में स्थित स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के स्मारकों पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। दाउदपुर पहुँचकर डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का सांकेतिक समापन हुआ।

सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्य भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसे बूथ स्तर और घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष उमेश तिवारी ने यात्रा की सफलता पर सभी कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम जनता का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश रमन, भोला प्रसाद, रमाशंकर मिश्रा शांडिल, चैतन्य नाथ सिंह, कुँवर सोनू सिंह, दीपू चतुर्वेदी, कुश पांडेय, कान्तु ठाकुर, विजय कुमार सिंह, उमा सिंह, संजीव मिश्रा, अखिलेश मांझी और धुनमुन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार