गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं का हुआ उपचार
भागलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। पटना में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय द्वारा एफ.सी.एम थेरेपी इनिशिएटिव की शुरुआत किए जाने के बाद अब इसका लाभ जिलों तक पहुंचने लगा है।
इसी क्रम में भागलपुर के मॉडल सदर अस्पताल में गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं का प्रभावी उपचार किया गया। इस संबंध में सदर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार ने गुरुवार को बताया कि एफसीएम थेरेपी इनिशिएटिव के तहत दर्जनों महिलाओं का सफल इलाज किया गया। उन्होंने कहा कि यह थेरेपी आयरन की कमी से होने वाले गंभीर एनीमिया के उपचार में काफी कारगर साबित हो रही है। डॉ. राजू कुमार के अनुसार जिन महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर अत्यंत कम था, उन्हें इस आधुनिक पद्धति से उपचार देकर तेजी से सुधार लाने का प्रयास किया गया है।
इस पहल से खासकर गर्भवती एवं कमजोर महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस योजना के जरिए राज्य में एनीमिया की समस्या को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर