कटिहार परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान में वसूले 1.58 लाख रुपये जुर्माना
कटिहार, 17 अगस्त (हि.स.)। सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा सोमवार को एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। कोलासी डिग्री कॉलेज के समीप चलाए गए इस सीट बेल्ट और हेलमेट चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 1,58,000 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों की प्रवृत्ति में कमी लाने के लिए इस तरह के लगातार वाहन जांच अभियान चलाना बेहद आवश्यक है। विभागीय निर्देशानुसार, विशेष जांच अभियान के तहत प्रथम सप्ताह के सोमवार को हेलमेट जांच तथा गुरुवार को सीट बेल्ट, और तृतीय सप्ताह के सोमवार को सीट बेल्ट तथा गुरुवार को हेलमेट जांच अभियान चलाने का नियम तय किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं सड़क सुरक्षा पर गठित उसकी समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। इसके तहत दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले (पिलियन राइडर) दोनों के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करना, सड़क पर लेन अनुशासन का पालन करना और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के विरुद्ध सशक्त प्रवर्तन कार्रवाई करना शामिल है। इसके अलावा, वाहनों पर अनाधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती और हूटर का उपयोग करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह