जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण को लेकर फील्ड प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण

 


अररिया 23 मार्च(हि.स.)।

भारत की जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण को लेकर डीएम विनोद दुहन के निर्देशन में फील्ड प्रशिक्षकों का तीन बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को शुरू किया गया। समाहरणालय अररिया स्थित डीआरडीए सभागार में फील्ड प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 मार्च तक तीन बैचों में आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता -सह-जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने फील्ड प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल की जाएगी! इसमें प्रथम चरण में स्व-गणना 17 अप्रैल से लेकर 01 मई तक 33 सवालों से घर-घर का डाटा एकत्रित होगा, जिसमें आम नागरिकों द्वारा पोर्टल पर अपना डाटा अपलोड किया जा सकेगा। इसके पश्चात 02 मई से 31मई तक प्रगणक घर - घर जाकर डाटा एकत्रित करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दिए जा रहे दिशा-निर्देशों को गंभीरता से समझें और फील्ड में कार्य करते समय पूरी सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।प्रशिक्षण गंभीरतापूर्वक प्राप्त करें,ताकि जनगणना का कार्य जिले में सफलतापूर्वक सटीकता के साथ ससमय पूरा किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान जिले के मास्टर ट्रेनर सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सुबोध कुमार एवं जनगणना कार्य निदेशालय पटना से नामित अधिकारियों पंकज कुमार एवं अभिषेक कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि जनगणना का प्रथम चरण, जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना शामिल है, जो 2 मई से 31 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके साथ-साथ नागरिकों के लिए 17 अप्रैल से 1 मई तक स्व-गणना की भी व्यवस्था रहेगी। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि प्रशिक्षण को गंभीरतापूर्वक प्राप्त करे और एक बेहतर प्रशिक्षक बनकर प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को प्रशिक्षित करेंगे। इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्रीकांत पासवान सहित संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर