12 जून से फिर पटरी पर दौड़ीं तीन पैसेंजर ट्रेनें, सीमांचल के यात्रियों को बड़ी राहत

 


कटिहार, 12 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। कटिहार-सोनैली और कटिहार-कुरेठा रेलखंड के बीच चल रहे दोहरीकरण (डबलिंग) कार्य के कारण अस्थायी रूप से रद्द की गई तीन महत्वपूर्ण पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन 12 जून से पुनः बहाल कर दिया गया है। इन ट्रेनों के फिर से पटरी पर लौटने से सीमांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

कटिहार रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जून से तीनों पैसेंजर ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य तक नियमित रूप से संचालित कर दी गई हैं। जिन ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू किया गया है, उनमें 55770/55769 कटिहार-मालदा कोर्ट पैसेंजर, 55727/55728 कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर और 55729/55730 कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर शामिल हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। यात्री सूचना प्रणाली, आईवीआरएस और 139 हेल्पलाइन समेत अन्य माध्यमों से ट्रेनों के रिस्टोर होने की सूचना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसके साथ ही रेल प्रशासन ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना अद्यतन (अपडेटेड) समय-सारणी के अनुसार ही बनाएं, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह