चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में हादसा, महिला की मौत

 

सुपौल, 24 जून (हि.स.)। राघोपुर रेलवे स्टेशन पर दरभंगा से फारबिसगंज जाने वाली डेमू सवारी गाड़ी में चढ़ने के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया।

इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मंगलवार की रात करीब 11 बजे राघोपुर रेलवे स्टेशन पर हुई। जानकारी के अनुसार, दरभंगा से फारबिसगंज जाने वाली डेमू सवारी गाड़ी संख्या 75217 जैसे ही राघोपुर स्टेशन पर रुकी, यात्री उसमें सवार होने लगे। इसी बीच 41 वर्षीय सुनीता देवी भी ट्रेन पर चढ़ने लिए आगे बढ़ीं उसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और उक्त महिला का पैर फिसल गया।

उक्त महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन की बीच गिर गई जिससे उसका एक पैर और एक हाथ कट गया। आनन फानन में उसे राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया गया जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गईं। मृतिका की पहचान राघोपुर पंचायत के लक्ष्मीपुर सायत की रहने वाली सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो हरिलाल पासवान की पुत्री थीं। बताया जा रहा है कि सुनीता देवी मंगलवार की रात अपने मायके से मनिहारी घाट गंगा स्नान के लिए रवाना होने वाली थीं। इसी सिलसिले में वह ट्रेन पकड़ने राघोपुर स्टेशन पहुँची थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुनीता देवी जैसे ही ट्रेन के डिब्बे में चढ़ने का प्रयास करने लगीं, ठीक उसी समय ट्रेन स्टेशन से खुल गई। रफ्तार पकड़ती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पैर फिसलने के कारण प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच में आ गईं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र