सीवान में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने हेतु 10 स्थान चिन्हित, विशेष अभियान शुरू

 

सीवान, 25 फ़रवरी (हि.स.)।

सीवान एसपी द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एसपी पुरन कुमार झा के निर्देश पर शहरी क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक बदलाव किए गए हैं तथा भीड़-भाड़ एवं यातायात दबाव वाले 10 प्रमुख स्थलों को चिन्हित किया गया है।

चिन्हित स्थलों में गोपालगंज मोड़, स्टेशन मोड़, बड़हरिया बाईपास, तरवारा मोड़, आंदर ढाला, हॉस्पिटल मोड़, दरोगा राय कॉलेज मोड़, हरदिया मोड़, कचहरी ढाला एवं सिसवन ढाला शामिल हैं। इन स्थानों पर यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा पुनः दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरा एवं हैंड हेल्ड डिवाइस मशीन से लैस रहेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। शमन की कार्रवाई पूरी तरह पेपरलेस एवं पारदर्शी तरीके से कैमरे के सामने की जाएगी।

यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में निगरानी के लिए दो विशेष रेगुलेशन टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में एक पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी चार पहिया वाहन के साथ तैनात रहेंगे। टीम-01 का कार्यक्षेत्र कचहरी ढाला से बबुनिया मोड़ तक तथा टीम-02 का कार्यक्षेत्र बबुनिया मोड़ से आंदर ढाला तक निर्धारित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में पूरे शहरी क्षेत्र में बेहतर यातायात संचालन हेतु अभियान चलाया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि शहर में किसी भी स्थान पर यातायात दबाव बढ़ने पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के मोबाइल नंबर 9031827206 अथवा पुनि-सह-थानाध्यक्ष यातायात के मोबाइल नंबर 9031827227 पर सूचना दें।

किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर कॉल करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma