यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई: एसएसपी

 


भागलपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों की अनदेखी को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब केवल दोपहिया वाहनों पर ही नहीं, बल्कि चारपहिया वाहनों पर भी सख्ती से चालान काटा जाएगा।

एसएसपी ने बताया कि अबइंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के तहत शहर में विशेष निगरानी रखी जाएगी। अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से उन वाहन चालकों की पहचान की जाएगी जो सीट बेल्ट नहीं लगाते हैं, तेज गति से वाहन चलाते हैं या अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि कोई चालक ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया जाएगा। यह अभियान पूरी तैयारी के साथ 1 मार्च से प्रारंभ किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी विशेष वर्ग को लक्षित करने के लिए नहीं बल्कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं।

उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि जान-माल की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। प्रशासन का मानना है कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और बिना किसी पक्षपात के कार्रवाई संभव हो सकेगी। आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान भी चलाया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई और आर्थिक दंड दोनों लगाए जाएंगे। इसलिए वाहन चालकों से अनुरोध है कि वे 1 मार्च से पहले ही ट्रैफिक नियमों के प्रति सजग हो जाएं और सुरक्षित यातायात में अपना सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर