ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 14 वर्षीय बिट्टू की मौत, दो दोस्त घायल

 




सीवान, 16 अक्टूबर (हि.स.)। गुठनी थाना क्षेत्र के खिलवा-पुरैना मार्ग पर पुरैना गांव के समीप शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बिट्टू कुमार की मौत हो चुकी थी।घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के सेमाटार गांव निवासी परमानंद राम के पुत्र बिट्टू कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है।वहीं, घायलों में इसी गांव के हरेंद्र राम का पुत्र आदित्य कुमार उर्फ राज (14 वर्ष) और धर्मेंद्र राम का पुत्र अभिषेक कुमार (16 वर्ष) शामिल हैं। हादसे में आदित्य के पैर में चोट आयी है, जबकि अभिषेक सुरक्षित बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे नैनीजोर गांव से पुरैना गांव की ओर मिट्टी लाने जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार हो गये थे. ट्रैक्टर चालक उनके ही गांव का युवक बताया जा रहा है। इसी वजह से बच्चे खेल-खेल में उसके साथ चल दिये। पुरैना गांव पहुंचने से पहले सड़क के एक मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान तीनों बच्चे उसके नीचे दब गये. किसी का पैर दब गया, तो कोई ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को सीधा कर बच्चों को बाहर निकाला।

इसके बाद बिट्टू और आदित्य को गुठनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बिट्टू को मृत घोषित कर दिया।

यह खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. आदित्य का इलाज कराया गया। हादसे में जान गंवाने वाला बिट्टू अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत से मां ऋतु देवी और पिता परमानंद राम का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के समय पिता दैनिक मजदूरी करने मैरवा गये हुए थे। परिवार के लिए बिट्टू की असमय मौत बड़ा सदमा बनकर आयी है।

घटना की सूचना मिलने पर गुठनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. एसआइ राजनंदनी ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma