अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, प्राथमिकी दर्ज
किशनगंज, 12 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को खनन विभाग की टीम ने किशनगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया।
खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान किशनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक आवास के समीप जांच के क्रम में बालू लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया।
जब्त ट्रैक्टर को कार्रवाई के लिए किशनगंज सदर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।मामले में खान निरीक्षक की ओर से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। विभाग द्वारा वाहन के स्वामित्व और बालू के स्रोत समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं खनिज पदार्थों के परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से नियमित रूप से छापेमारी और वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि बिना वैध दस्तावेज के बालू अथवा अन्य खनिज पदार्थों का परिवहन नहीं करें, अन्यथा पकड़े जाने पर वाहन जब्ती के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह