ट्रैक्टर की टक्कर से होमगार्ड के सेवानिवृत्त जवान की मौत, पत्नी गंभीर

 


सुपौल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में कुहैत पुल के समीप गुरुवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड के सेवानिवृत्त जवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान ब्रह्मदेव ठाकुर के रूप में हुई है।

हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, घायल पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार, ब्रह्मदेव ठाकुर अपनी पत्नी के साथ सुखासन स्थित बेटी के घर से बाइक पर सवार होकर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान कुहैत पुल के समीप एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मदेव ठाकुर को सदर अस्पताल सुपौल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी को गंभीर हालत में सुपौल के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि ब्रह्मदेव ठाकुर होमगार्ड जवान के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर की पहचान कर ली है। उसका पंजीकरण नंबर बीआर 43 जीए 2147 बताया गया है। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल लाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र