कचरे से खिलौने बनाकर बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दे रही आंगनवाड़ी सेविका
अररिया 21 अगस्त(हि.स.)। जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत सुकसेना पंचायत में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 116 की सेविका बीबी किशवर जहां अपने व्यक्तिगत प्रयास और रचनात्मक सोच से बच्चों को रोचक एवं आनंददायक तरीके से शिक्षा देने की मिसाल पेश कर रही हैं। उनके द्वारा केंद्र पर अनुपयोगी एवं फेंकने योग्य घरेलू सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए विभिन्न प्रकार के शिक्षाप्रद खिलौने एवं प्री-स्कूल शिक्षण सामग्री तैयार की गई है।
सेविका द्वारा कूट,कार्डबोर्ड, खाली डिब्बे, बोतल सहित अन्य अनुपयोगी सामग्रियों से आकर्षक खिलौने तैयार किए गए हैं। साथ ही बच्चों के लिए अक्षर ज्ञान,रंग एवं आकार की शिक्षण सामग्री तैयार कर केंद्र पर प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र का मॉडल भी तैयार किया गया है।स्वयं निर्मित खिलौनों एवं शिक्षण सामग्रियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जा रही है।रंग, आकार, संख्या, अक्षर, पशु-पक्षी, फल-सब्जियों आदि से संबंधित गतिविधियों को इन सामग्रियों के माध्यम से रोचक एवं सरल बनाया गया है। इससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
इस पहल की खासियत यह है कि कचरे को संसाधन में बदलकर सीखने का साधन बनाया गया है। बच्चों को जहां आनंदपूर्वक सीखने का अवसर मिल रहा है, वहीं उनमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण तथा उपलब्ध संसाधनों के सदुपयोग की भावना भी विकसित हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर