25 हजार का इनामी और टॉप-10 अपराधी विकेश उर्फ नेपाली गिरफ्तार : एसपी
सीवान, 17 जून (हि.स.)।
जिले में मंगलवार को एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विकेश कुमार यादव उर्फ नेपाली पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विकेश कुमार यादव उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि 16 जून को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ एवं जिला पुलिस टीम ने संयुक्त छापेमारी कर एम नगर थाना क्षेत्र के उसकी निवासी राम राम अवतार यादव के पुत्र विकेश कुमार यादव उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.पुरन कुमार झा ने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्त हुसैनगंज थाना कांड संख्या 219/23 में लूट की घटना के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी के अनुसार विकेश उर्फ नेपाली का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है. उसके खिलाफ हुसैनगंज, आंदर और सिसवन थानों में लूट, अपराध की साजिश, चोरी के माल की खरीद-बिक्री तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वह जिले के सक्रिय अपराधियों में शामिल रहा है.उन्होंने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान आगे भी जारी रहेगा।
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम के अलावा हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma