मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर में टोला सेवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

 


नवादा,22 मई (हि.स.)। नवादा जिले के रोह पेट्रोल पंप के समीप दो बाइक की टक्कर में शुक्रवार को टोला सेवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

मृतक की पहचान नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बिहटा गांव निवासी सनोज राजवंशी के रूप में की गई। जबकि घायलों में रूपौ थाना क्षेत्र के कसमारा गांव निवासी काजू कुमार एवं अंकज कुमार शामिल है।

बताया जा रहा है कि टोला सेवक सनोज राजवंशी अपने भाई को छोड़ने पकरीबरावां थाने के बुधौली गांव गया था। वापस लौट के क्रम में रोह पेट्रोल पंप के समीप दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई जिसमें सनोज राजवंशी की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक पर सवार काजू कुमार और अंकज कुमार जख्मी हो गए। फिलहाल दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए विम्स पवापुरी रेफर कर दिया गया है।

इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज रफ्तार तथा लापरवाही दुर्घटना का कारण बनी। प्रशासनिक स्तर पर गलत तरीके से मोटरसाइकिल चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने से दुर्घटनाओं की संख्या काफी बढ़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन