कपड़ा दुकान के गोदाम में भीषण आग, 60 लाख की संपत्ति राख

 




नवादा, 14 सितंबर (हि.स.)। नवादा शहर के कलाली रोड स्थित अमन ड्रेसेज कपड़ा दुकान के गोदाम में सोमवार को अचानक भीषण आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। अगलगी की इस घटना में करीब 50 से 60 लाख रुपये मूल्य के कपड़े जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार को अचानक गोदाम की ओर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामान होने से आग की लपटें काफी तेज थीं। आग बुझाने के दौरान आसपास के लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रखा गया। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे थे और आग पूरी तरह शांत नहीं हुई थी।

दुकान संचालक एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम में रखे कपड़ों की कीमत करीब 50 से 60 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। आग की तीव्रता को देखते हुए गोदाम में रखा काफी सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। हालांकि, अगलगी में वास्तविक रूप से कितने रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग पूरी तरह बुझने और क्षतिग्रस्त सामान की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के बाद कलाली रोड में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास के दुकानदारों में भी आग को लेकर चिंता देखी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी हो सकती है। अग्निशमन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा घटना की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन