नवादा के रजौली में पुल टूटने से हड़कंप ,कई गांव का मुख्यालय से टूटा संपर्क
नवादा, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया पंचायत अंतर्गत सिंगर गांव के समीप फुलवरिया डैम से जंगली गांव को जोड़ने वाली पुल शनिवार को ओवरलोड ट्रक के गुजरने से टूट गई।
पुल टूटने से आसपास के दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जंगली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य करा रही कंपनी द्वारा सीमेंट से लदी अत्यधिक वजन वाली ट्रकों का लगातार ग्रामीण सड़क एवं पुल-पुलियों से परिचालन कराया जा रहा था। इसी दौरान एक ओवरलोड ट्रक के पुल से गुजरने पर प अचानक क्षतिग्रस्त होकर टूट गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों और सिंचाई विभाग की सतर्कता एवं तत्परता के कारण समय रहते आवागमन रोक दिया गया जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुल टूटने से जंगली क्षेत्र सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क बाधित हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेलवे निर्माण एजेंसी द्वारा क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों का परिचालन किया जा रहा है ।जिससे ग्रामीण सड़कें और पुल-पुलियां लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर रेलवे निर्माण एजेंसी पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पुल का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने तथा वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन