नालंदा जिले में बेटियों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान प्रारंभ

 


नालंदा, बिहारशरीफ 31 जुलाई (हि.स.)। नालंदा जिले में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब ऑफ तथागत, बिहारशरीफ एवं रेड ब्रिगेड, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ‘मुक्कामार’ महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट जोसेफ अकादमी, खंदकपर में किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 31 जुलाई से 2 अगस्त तक तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।कार्यक्रम का उद्घाटन रेड ब्रिगेड की संस्थापक उषा विश्वकर्मा एवं उनकी टीम की मौजूदगी में हुआ।

इस अवसर पर उषा विश्वकर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रत्येक महिला और बालिका के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, साहस और सतर्कता के साथ महिलाएं किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का मजबूती से सामना कर सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्य और इसकी उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का विकास करना है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। तीन दिवसीय शिविर के समापन पर प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन भी कराया जाएगा।

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटरी क्लब ऑफ तथागत, बिहारशरीफ की सक्रिय भूमिका रही। परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन रूबी सिन्हा, रोटेरियन रश्मि दास एवं रोटेरियन कुमारी किरण ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष महेश लोहानी, सचिव डॉ. नीरज कुमार, डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. सुनीति सिन्हा, अमन कुमार, रत्नेश अमन, दिनेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि, रोटेरियन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे