मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की आवासन के लिए बनाये गये 19 टेंट सिटी व जर्मन हैंगर
नालंदा, बिहारशरीफ 10 मई (हि.स.)।नालंदा जिले के पयर्टक स्थल राजगीर मलमास मेला को लेकर आज रविवार को कुंदन कुमार जिलाधिकारी व भारत सोनी , पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में आरआईसीसी राजगीर में मलमास मेला 2026 के सफल आयोजन हेतु पूर्व तैयारियों की संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई ।विदित हो कि आगामी मलमास मेला का आयोजन दिनांक 17 मई 2026 से 15 जून 2026 तक कार्यक्रम राजगीर में निर्धारित है , इस अवसर पर आस्था के साथ भारी तादाद में ब्रह्म कुंड में स्नान करने लिए लोग यहां दूर-दूर से पहुंचते हैं ।
बैठक में मलमास मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ तंत्र पर नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं, शरण स्थली, शौचालय ,चेंजिंग रूम,साफ सफाई ,नियंत्रण कक्ष, हेल्प डेस्क,आवासन ,खानपान, मैकिंग, हाई मास्ट लाइटिंग, ट्रैफिक चेक पोस्ट, श्रद्धालुओं की सेवा के लिए निर्धारित शुल्क पर बस, ई रिक्शा से परिवहन की व्यवस्था , बैरिकेडिंग , अग्निशमन से सुरक्षा व्यवस्था, मोबाइल शौचालय आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।मलमास मेला के मद्देनजर सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस बल, महिला पुलिस एवं स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से भीड़ तंत्र पर सतत् नजर रखी जाएगी साथ ही असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी एवं पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस, स्ट्रेचर, आवश्यक दवा, मेडिकल कैंप एवं चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे।मेला में खोए हुए व्यक्तियों को उनके परिवार से मिलाने हेतु सूचना केंद्र बनाए जाएंगे, श्रद्धालुओं के खान-पान की सुविधा के लिए कैंटीन ,दीदी की रसोई, सस्ती रोटी काउंटर का प्रबंध किया गया है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एआई काउंटर, मोबाइल एप ,वेबसाइट का प्रबंध किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रेलवे स्टेशन, मेला थाना, धुनीवर, बस स्टैंड,झुनकिया बाबा, ब्रह्म कुंड घाट, स्टेट गेस्ट हाउस, सैनिक स्कूल महाराजा होटल के समीप,गढ़ महादेव, वैतरणी, पीएचईडी कैंपस में वाटरप्रूफ यात्री सेड( टेन्ट सिटी) का निर्माण किया गया है।जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मलमास मेला के अवसर पर वे अपने कार्यों का स्वयं उपस्थित रहकर संपादन सुनिश्चित करेंगे साथ ही अपने कर्तव्य एवं दायित्वों का ससमय निर्वहन करेंगे।उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की चुक अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।मलमास मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु 19 टेंट सिटी/ जर्मन हैंगर में आवासन ,शौचालय, पेयजल, स्नानागार, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सुरक्षा, निःशुल्क जूता चप्पल रखने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे