जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की सांसद ने की समीक्षा
नालंदा, बिहारशरीफ 23 अप्रैल (हि.स.)। सांसद कौशलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय में आज हुई ।
इस मौके पर अध्यक्ष के आदेशानुसार जिलाधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से संबंधित विभागों द्वारा कार्य प्रगति के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई ।सर्वप्रथम पूर्व बैठक की कार्यवाही का कंडिकावर अनुपालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
समीक्षा के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्य प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई जिसमें बताया गया कि कृषि विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी योजना, किसान कॉल सेंटर, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना प्रति बूंद अधिक फसल संचालित है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में उन्नत किस्म के उत्पादन जैसे ड्रैगन फ्रूट का वृहद पैमाने पर उत्पादन करके किसानों को ज्यादा मुनाफा कराया जा सकता है । साथ हीं पशुपालन विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम,राष्ट्रीय पशुधन मिशन, राष्ट्रीय गोकुल मिशन डेयरी विकास के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा पशुपालकों के बीच प्रचार प्रसार करेंगे ताकि पशुओं के चिकित्सा के लिए निःशुल्क सेवा दी जा सके जिसके लिए 1962 पर कॉल करके ज्यादा से ज्यादा पशुपालक इसका लाभ उठा सकेंगे । वहीं स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का इंस्टीट्यूशनल डिलीवरी व नियमित टीकाकरण जच्चा बच्चा के साथ साथ गर्भवती महिलाओं का एनसी जांच सुनिश्चित की जाए कोई भी गर्भवती महिला छूटे नहीं ताकि आने वाले पीढ़ी का भविष्य दुरुस्त किया जा सके।
जनप्रतिनिधि को अपने-अपने स्थानीय अस्पतालों में जाकर स्वयं सुनिश्चित करेंगे कि डॉक्टर्स रोस्टर डिस्प्ले जिस पर डॉक्टर्स की उपस्थिति, मोबाइल नंबर, जांच की सुविधा आदि दिखाई जा रही है या नहीं ।उन्होंने कहा कि जिलेभर के अस्पतालों में व्यवस्था को बेहतर किया गया है। जिससे अस्पतालों में व्यवस्था को लेकर आम जनों के द्वारा काफी खुशी जाहिर की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे