ग्राम स्तर पर सहयोग शिविर लगाकर जन समस्याओं का करें निष्पादन:डीएम
नालंदा, बिहारशरीफ 19 अप्रैल (हि.स.)।नालंदा जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारियों को आदेश निर्गत किया गया है।
जारी आदेश की मुख्य बिंदु में बताया गया है कि शहर से लेकर ग्रामीण स्तर तक शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है एवं विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों, संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, अपराध की वर्तमान प्रवृत्तियों तथा उन पर नियंत्रण हेतु अपनाए जा रहे उपायों की विस्तारपूर्वक बताया गया।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्गत आदेश में बताया गया कि जिला धावा दल के द्वारा आरटीपीएस केन्द्रों, सदर अस्पताल ,निबंधन कार्यालय, मैइनिंग,पीडीएस दुकानों पर लगातार छापेमारी कर दलालों/ बिचौलियों को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे । साथ हीं प्रखंडों एवं थाना स्तर पर लगने वाली जन शिकायतों में आने वाले आवेदकों के लिए सम्मान पूर्वक बैठाने,पेयजल, शौचालय आदि की सुविधा मुहैया करेंगे, साथ ही आवेदकों की समस्याओं का निष्पादन त्वरित गति से करने की भी हिदायत दी गई है।
जन्म/ मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करेंगे साथ ही राजस्व के लंबित मामले को भी शीघ्र निष्पादित करेंगे ।जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन को नियमित रूप से क्रियाशील रखेंगे,साथ ही प्राप्त आवेदनों का निष्पादन यथाशीघ्र सुनिश्चित करेंगे ।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सहयोग शिविर लगाकर जन समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे ।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक को विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी बढ़ाने, गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित किया जाए और आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखे जाने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे