हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूर्णिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

 




पूर्णिया, 12 अगस्त (हि.स.)।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से पूर्णिया शहरी क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ जिला स्कूल, पूर्णिया के प्रांगण से जिलाधिकारी अंशुल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश के निर्माण और विकास में प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र गौरव की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने साथ-साथ दूसरों को भी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करना चाहिए।

जिलाधिकारी ने वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों और स्वतंत्रता सेनानियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का पूरे सम्मान के साथ गायन देश की गौरवशाली परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है।

तिरंगा यात्रा में जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, जीविका दीदियां तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

यात्रा जिला स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए टाउन हॉल स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यहां अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद तिरंगा यात्रा का समापन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह