बक्सर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत समाहरणालय में गूंजा राष्ट्रगान, डीएम ने किया हस्तकरघा वस्त्र अपनाने का आह्वान
बक्सर, 07 अगस्त (हि.स.)।
'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र निर्माण में अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना का प्रदर्शन करें। इसी अवसर पर राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के तहत डीएम ने हस्तनिर्मित एवं हस्तकरघा वस्त्रों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हस्तकरघा उत्पाद देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला और स्थानीय बुनकरों की मेहनत का प्रतीक हैं। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में हस्तनिर्मित वस्त्रों को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय बुनकरों एवं कारीगरों के उत्पादों को अपनाकर उन्हें प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक कला एवं शिल्प का संरक्षण होगा और स्थानीय कारीगरों की आजीविका भी सशक्त होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra