बिहपुर में तिरंगा यात्रा, जनसैलाब से गूंजा 'भारत माता की जय', राष्ट्रप्रेम के रंग में डूबा क्षेत्र

 


भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। जिले के बिहपुर प्रखंड में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति का एक अनूठा और भव्य नजारा देखने को मिला। राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। लगभग सवा दो किलोमीटर लंबी यह यात्रा एसडी कॉलेज, गौरीपुर से शुरू होकर बभनगामा वैष्णवी दुर्गा मंदिर प्रांगण तक गई। पूरी यात्रा के दौरान संपूर्ण मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में गर्व से लहराता तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय व वंदे मातरम् के गगनभेदी नारे थे। देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

इस यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर स्कूली बच्चे, शिक्षक, जीविका दीदियां, एनसीसी कैडेट और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं सहित आम ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि सह पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा, तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।

उन्होंने हर नागरिक से अपील की कि वे अपने राष्ट्रीय गौरव को अक्षुण्ण रखने और देश के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए अपने-अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं।

मौके पर मौजूद एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा सिर्फ एक अभियान नहीं है, बल्कि देश के प्रति हमारे सम्मान, गौरव, कर्तव्य और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक मजबूत होती है।

इस आयोजन को सफल बनाने में इलाके के कई प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें डीसीएलआर शैलेंद्र सिंह, प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) रंजना झा, एसडी कॉलेज (भागलपुर) के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अरविंद सिंह, गौरीपुर एसडी कॉलेज के प्राचार्य धनंजय मिश्र, एसडीपीओ अनिकेत अमर, बीडीओ अभिनव भारती, सीओ अदिति रंजन शामिल थे।

साथ ही इंस्पेक्टर महेश कुमार सिंह, बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष शर्मा, झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, कार्यक्रम संयोजक प्रभुनंदन चौधरी, प्रो. गौतम, अजय सिंह, मुकेश राणा, अरुण सिंह, प्रो. प्रेरणा प्रियदर्शनी, प्रो. उषा मिश्रा और कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और आम जनता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर