हर घर तिरंगा अभियान के तहत भागलपुर में निकली तिरंगा रैली

 


भागलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत बुधवार को भागलपुर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, कलाकारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जिला प्रशासन के कर्मियों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा रैली का शुभारंभ समाहरणालय, से जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय के नेतृत्व में हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच रैली समाहरणालय से प्रारंभ होकर तिलकामांझी चौक स्थित तिलकामांझी की प्रतिमा तक पहुंची। इसके पश्चात रैली पुनः समाहरणालय परिसर में लौटकर संपन्न हुई।

रैली में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर के प्रशिक्षक एवं कलाकार, किलकारी बिहार बाल भवन के कलाकार एवं विद्यार्थी तथा विभिन्न कला एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े कलाकार एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।

जिला प्रशासन के अनेक कर्मियों एवं वरीय पदाधिकारियों की सहभागिता ने भी कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर डीएम अलंकृता पांडेय ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है।

तिरंगा रैली के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का संदेश दिया गया। तिरंगा रैली के साथ-साथ समाहरणालय, भागलपुर स्थित डीआरडीए सभागार में स्कूली बच्चों के लिए हर घर तिरंगा एवं स्वतंत्रता दिवस विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के गौरव को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को उनके उत्साह एवं प्रतिभागिता के लिए 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन, भागलपुर ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर