तिलक समारोह से लौट रहे स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की मौत, एक ही गांव से उठीं छह अर्थियां; थुमहा में मचा कोहराम
सुपौल, 19 नवंबर (हि.स.)। अररिया जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने सुपौल जिले के थुमहा गांव की खुशियां छीन लीं। तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे एक ही गांव के छह लोगों की स्कॉर्पियो नदी में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की जान बच गई, जबकि छह लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया। गुरुवार की सुबह जैसे ही छह मृतकों के शव गांव पहुंचे, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के थुमहा गांव से कुछ लोग अररिया जिले के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह संपन्न होने के बाद देर रात सभी लोग स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बीड़ी पुल के समीप स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति किसी तरह बच गया, जबकि शेष छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश किशोर और युवा शामिल हैं। मृतकों की पहचान आदित्य (18 वर्ष), शिवा (15 वर्ष), मुन्ना (22 वर्ष), सौरभ (13 वर्ष), कुंदन (30 वर्ष) और यश कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। गुरुवार की सुबह जब छह लोगों के शव थुमहा गांव पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने अपना भाई और घर का सहारा। एक ही गांव के छह लोगों की एक साथ मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंचे। गांव से एक साथ छह अर्थियां उठने का दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया। हंसते-खेलते युवाओं की असमय मौत से पूरा इलाका शोक में डूबा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र