मुहर्रम को लेकर किशनगंज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 


किशनगंज, 25 जून (हि.स.)। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए किशनगंज जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त आदेश पर जिले के सभी संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गई है।

प्रशासन द्वारा जिले के 300 से अधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर कुल 350 दंडाधिकारी, 370 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा चौकीदारों सहित करीब 1550 पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसके अलावा सात गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर नजर रखेंगे। प्रमुख स्थानों पर स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं तथा थाना गश्ती के साथ बाइक पेट्रोलिंग के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कुल चार त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिन्हें अलर्ट मोड में रखा गया है। दंडाधिकारियों के साथ संयुक्त गश्ती दल भी क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे और तैनात पुलिस बलों की उपस्थिति एवं तत्परता की जांच करेंगे।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने 1429 संभावित उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है। इनमें 786 व्यक्तियों के खिलाफ बाउंड डाउन की कार्रवाई की गई है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

साइबर थाना, जिला सोशल मीडिया सेल तथा सभी थानाध्यक्ष भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित किया गया है।

साथ ही अग्निशमन, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह