अब रेलवे स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन का संचालन करेंगे दिव्यांगजन
कटिहार, 15 जुलाई (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल प्रशासन ने दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा और संवेदनशील कदम उठाया है। मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की उच्च स्तरीय बैठक में कटिहार रेल मंडल के डीआरएम ने स्टेशनों पर स्थापित ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी दिव्यांगजनों को सौंपने की घोषणा की है। रोजगार सृजन से जुड़े इस महत्वपूर्ण फैसले को रेलवे द्वारा तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है।
यह अहम निर्णय डीआरयूसीसी सदस्य शिव शंकर रमानी की अगुवाई में पिछले महीने सौंपे गए मांग पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लिया गया है। बैठक में रमानी ने दिव्यांगों के सम्मानजनक रोजगार का मुद्दा पूरी मजबूती के साथ उठाया था। डीआरएम द्वारा इस मांग को सहर्ष स्वीकार कर लिए जाने के बाद, अब कटिहार रेल मंडल के स्टेशनों पर दिव्यांग भाई-बहन खुद रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। इस फैसले से पूरे जिले के दिव्यांगों में खुशी की लहर है।
इस मौके पर शिव शंकर रमानी ने कहा कि यह कटिहार रेल मंडल और हमारे दिव्यांग भाई-बहनों के लिए एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय है। एटीवीएम संचालन का अधिकार मिलने से दिव्यांग समाज मुख्यधारा से जुड़ सकेगा। इस अत्यंत संवेदनशील फैसले के लिए हम माननीय डीआरएम का सहृदय आभार व्यक्त करते हैं।
इस बैठक में 12-सूत्रीय मांग पत्र में शामिल अन्य प्रमुख रेल सुविधाओं पर भी प्रशासन का रुख बेहद सकारात्मक रहा। मुख्य रूप से कटिहार से भागलपुर (वाया मालदा), मैसूर (वाया बेंगलुरु), देवघर, दरभंगा और सहरसा के लिए नई ट्रेनें शुरू करने के प्रस्ताव की समीक्षा की गई। साथ ही, मनिहारी टर्मिनल स्टेशन पर 'जानकी एक्सप्रेस' के ठहराव की मांग पर जल्द उचित कदम उठाने का आश्वासन मिला।
यात्री सुविधाओं का विस्तार करते हुए कटिहार स्टेशन के पूर्वी भाग में दिव्यांगों व बुजुर्गों के लिए 'रैंप' (ढलाऊ रास्ता) के निर्माण और बिनोदपुर पुराना जूट मील गेट के पास गौशाला मार्ग पर नया रेल फाटक बनाने पर भी प्रशासनिक सहमति बनी है। इसके अलावा, ट्रेनों की दिव्यांग बोगियों में सफर करने वाले अनाधिकृत यात्रियों पर सख्ती बरतने और स्टेशनों पर लाउडस्पीकर से विशेष जागरूकता अनाउंसमेंट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस बैठक में कटिहार रेल मंडल के एडीआरएम, सीनियर डीसीएम, और डीआरयूसीसी के वरिष्ठ सदस्य मदन लाल मंडल, प्रोफेसर विनोद कुमार यादव, मैहर मसूद खान, राजा मिश्रा सहित कई लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह