चलाया गया सघन टिकट जांच अभियान

 


भागलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। वैध रेलवे टिकट के साथ यात्रा करना न केवल एक कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि यह प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी भी है, जिससे सुरक्षित, सुगम एवं परेशानी-मुक्त यात्रा सुनिश्चित होती है तथा रेलवे राजस्व की भी सुरक्षा होती है।

इसी उद्देश्य के तहत मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक, मालदा के मार्गदर्शन में पूर्व रेलवे का मालदा मंडल बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने तथा रेलवे नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार सघन टिकट जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कार्तिक सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा के नेतृत्व में भागलपुर–गोड्डा तथा भागलपुर–जमालपुर रेलखंडों में एक और सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कोइली खुटाहा हॉल्ट, धौनी, गोनू धाम हॉल्ट, हटपुरैनी हॉल्ट, टिकानी, मंदार हिल सहित अन्य स्टेशनों तथा इन रेलखंडों में संचालित ट्रेनों में टिकट जांच की गई। इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भाग लिया। अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के 514 मामले पकड़े गए तथा 5,40,700 रुपया की जुर्माना राशि प्राप्त की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर