सघन टिकट जांच अभियान संचालित, पकड़े गए 618 मामले, 6,83,950 का जुर्माना राशि प्राप्त

 


भागलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने की आदत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में मंडल के विभिन्न रेलखंडों में नियमित रूप से सघन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।

इन अभियानों का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा वास्तविक यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में बुधवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालदा कार्तिक सिंह के नेतृत्व में शिवनारायणपुर – भागलपुर – जमालपुर – किऊल रेल खंड में संचालित विक्रमशिला एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

साथ ही भागलपुर, जमालपुर तथा इस रेलखंड के अन्य मध्यवर्ती स्टेशनों पर भी व्यापक टिकट जांच की गई। अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। ट्रेनों एवं स्टेशनों पर व्यापक टिकट जांच कर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया तथा रेलवे के नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया गया।

इस सघन जांच अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 618 मामले पकड़े गए तथा 6,83,950 रुपया का जुर्माना राशि प्राप्त हुई। मालदा मंडल रेलवे राजस्व की सुरक्षा, बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक तथा वास्तविक यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान नियमित रूप से जारी रखेगा। यात्रियों से अनुरोध है कि वे सदैव वैध रेल टिकट के साथ ही यात्रा करें, क्योंकि बिना वैध टिकट यात्रा करना रेल अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर