भागलपुर–मंदार हिल रेलखंड पर चला सघन टिकट जांच अभियान
भागलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से नियमित रूप से विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में ऐसे अभियान मंडल के विभिन्न रेल खंडों में निरंतर चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालदा कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टीसी), मालदा तापस कुमार बिस्वास के नेतृत्व में शनिवार को भागलपुर, टिकानी, धौनी, बाराहाट एवं मंदार हिल स्टेशनों तथा भागलपुर–मंदार हिल रेल खंड में चलने वाली विभिन्न ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।
यह अभियान मंडल के वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया, जिसके दौरान विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में व्यापक टिकट जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 247 मामले पकड़े गए, जिनसे 2,15,920 रुपया का जुर्माना राशि प्राप्त किया गया।
मालदा मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि बिना उचित टिकट यात्रा करना रेलवे नियमों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर