भागलपुर में आज गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार, 30 सितंबर तक मानसून की विदाई संभव

 


भागलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, जिले का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण सुबह से ही हल्की उमस महसूस की जा रही है, लेकिन दोपहर बाद मेघ गर्जन और बारिश की गतिविधियों से मौसम सुहावना हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस साल भागलपुर और पूरे क्षेत्र से मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अनुमान जताया गया है कि 30 सितंबर तक मानसून इस क्षेत्र से पूरी तरह विदा हो जाएगा। विदाई से पहले मानसून की यह आखिरी बारिश मानी जा रही है, जिसके बाद धीरे-धीरे गुलाबी ठंड की दस्तक और मौसम में शुष्कता बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका को देखते हुए लोगों से बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न जाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर