थुमहा हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले सांसद दिलेश्वर कामैत, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

 


सुपौल, 20 नवंबर (हि.स.)। पिपरा प्रखंड के थुमहा गांव में एक ही सड़क हादसे में छह लोगों की मौत के बाद पसरे मातमी माहौल के बीच सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

अररिया में आयोजित तिलक समारोह से लौटने के दौरान थुमहा गांव के युवकों की स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के समीप नदी में गिर गई थी। इस भीषण हादसे में वाहन सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया था। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और थुमहा गांव में मातम छा गया।

सांसद दिलेश्वर कामैत गांव पहुंचे तो शोकाकुल परिजनों का दर्द छलक पड़ा। मृतकों के परिवारों से मिलकर उन्होंने उन्हें सांत्वना दी और इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की। सांसद ने कहा कि एक ही गांव के छह लोगों की असामयिक मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को मर्माहत कर दिया है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। साथ ही, प्रशासन से हादसे की जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

इधर, हादसे के बाद थुमहा गांव में अब भी शोक का माहौल है। मृतकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस असहनीय दुख से उबर नहीं पा रहे हैं। सांसद के सामने भी कई परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। एक साथ छह युवाओं की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र