सैंडिस कंपाउंड में लौटेगा क्रिकेट का रोमांच, सीके नायडू ट्रॉफी में भिड़ेंगी बिहार और बंगाल की टीमें
भागलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। शहर के खेल प्रेमियों के लिए नया साल क्रिकेट का एक बड़ा रोमांच लेकर आ रहा है। भागलपुर के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित सैंडिस कंपाउंड क्रिकेट स्टेडियम में बिहार अंडर-23 और बंगाल अंडर-23 की टीमें आमने-सामने होंगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रतिष्ठित कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट के तहत आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय महामुकाबले की तारीखें भी तय हो गई हैं। यह मैच 18 जनवरी से 21 जनवरी 2027 तक खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत रोज सुबह 9:30 बजे से होगी।
भागलपुर को इस महत्वपूर्ण और बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने की पुष्टि हो चुकी है। इस संबंध में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने भागलपुर जिला क्रिकेट संघ को एक आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित किया है। लंबे प्रारूप के इस कड़े मुकाबले में दोनों राज्यों के उभरते हुए युवा सितारे और देश के भविष्य अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे।
बीसीसीआई के इस आधिकारिक मैच की मेजबानी मिलना सिल्क सिटी भागलपुर के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जैसा है। इस ऐतिहासिक आयोजन की खबर मिलते ही स्थानीय क्रिकेट एसोसिएशन, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
मैच को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सफल बनाने के लिए जिला क्रिकेट संघ ने अपनी प्रारंभिक तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर