घर के बाहर खेल रही तीन साल की मासूम की डूबने से मौत, परिजन में कोहराम

 

भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के तांडव के बीच शनिवार की सुबह एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है।

प्रखंड की शहजादपुर पंचायत के अंतर्गत आने वाले छोटी फुलवरिया गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान गांव के ही स्थानीय परिवार की बेटी के रूप में की गई है।

इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार समेत पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह तीन वर्षीय मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक पैर फिसलने या अनजाने में घर के समीप ही फैले गंगा नदी के बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई।

पानी गहरा होने के कारण मासूम उसमें समा गई। जब काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी, तो परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची का शव पानी में उतराता हुआ मिला।

स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पाकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। आक्रोशित और गमगीन ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा देने की मांग की है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण नारायणपुर के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। सड़कों और रिहाइशी इलाकों के पास पानी जमा होने से हादसों का खतरा काफी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पीड़ित परिवार की सुध लेने की गुहार लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर