चोरी मामले में तीन गिरफ्तार, डेढ़ लाख नकद समेत जेवर बरामद
भागलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को सिटी डीएसपी अजय कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इशाकचक थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। बीते अनुसार 3 जनवरी को इशाकचक थाना में बबली कुमारी द्वारा घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया। जांच के क्रम में पुलिस ने नीतीश कुमार मंडल और संजय कुमार यादव को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवर खरीदने वाले व्यवसायी दिनेश प्रसाद साह को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, हनुमानी, नोजपिन, नथ, कानबाली और चांदी के पायल समेत कई आभूषण बरामद किए हैं। सिटी डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर