मवेशी लदे ट्रक को कथित अवैध वसूली के बाद छोड़ने के मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित
किशनगंज, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले के जीरनगच्छ टोल प्लाजा के पास मवेशी लदे ट्रक को रोकने के बाद आवश्यक जांच-सत्यापन नहीं करने और कथित रूप से अवैध वसूली कर वाहन को छोड़ने के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है।
एसपी ने पाठामारी थानाध्यक्ष गंगा प्रसाद गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार और चालक सिपाही पवन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला 17/18 अगस्त की रात जीरनगच्छ टोल प्लाजा के पास का बताया गया है।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मवेशी लदे एक ट्रक को रोकने के बाद वाहन और उसमें लदे मवेशियों से संबंधित आवश्यक कागजातों की समुचित जांच नहीं की। साथ ही घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को भी नहीं दी गई।
मामले की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर एसडीपीओ-2 द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक को कथित रूप से अवैध वसूली के बाद छोड़ने की बात सामने आने पर एसडीपीओ-2 की जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर एसपी संतोष कुमार ने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी जांच के आधार पर की जा सकती है। इधर, इस कार्रवाई के बाद एनएच-327ई पर पुलिस की वाहन जांच व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जीरनगच्छ टोल प्लाजा के आसपास पाठामारी पुलिस द्वारा पूर्व में शराब की कई खेप पकड़े जाने की कार्रवाई की गई है। ऐसे में यह भी चर्चा का विषय है कि नियमित जांच के दौरान वाहनों और उनके सामान की जांच किस स्तर तक की जाती है।
तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद अब पूर्व में इसी स्थान पर हुई वाहन जांच, जब्ती और कार्रवाई के रिकॉर्ड की समीक्षा पर भी नजर है। साथ ही टोल प्लाजा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच से घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है। इस कार्रवाई ने एनएच-327ई पर पुलिस की निगरानी और जांच प्रक्रिया को लेकर विभागीय स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह