चोरी व फर्जीवाड़े से गायब 3 लाख रुपये बरामद, एक शातिर गिरफ्तार
कटिहार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक से जुड़ी चोरी और वित्तीय धोखाधड़ी के दो मामलों का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने बारसोई और कुर्सेला थाना क्षेत्रों से कुल 3 लाख रुपये की शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली है। कुर्सेला पुलिस ने फर्जी हस्ताक्षर कर रुपये की निकासी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बारसोई में बाइक की डिक्की से उड़ाई गई पूरी रकम बरामद करते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी गई है।
बारसोई: बाइक की डिक्की से उड़ाए गए 2.50 लाख रूपये बरामद, आरोपी की तलाश जारी
कचना थाना क्षेत्र के फुहागांव निवासी हसीबुर रहमान (50) शुक्रवार दोपहर एसबीआई बारसोई से 2.50 लाख रुपये की निकासी कर रकम को बाइक की डिक्की में रखकर एक मॉल में गए थे। खरीदारी कर लौटने पर डिक्की से नकदी, पासबुक, चेकबुक और पहचान पत्र गायब मिले। पीड़ित के आवेदन पर बारसोई थाना में कांड संख्या 190/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बारसोई थानाध्यक्ष ने रौतारा थानाध्यक्ष के सहयोग से सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर संलिप्त अभियुक्त के घर पर छापेमारी कर चोरी गई पूरी 2,50,000 रूपये की राशि सकुशल बरामद कर ली। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
कुर्सेला: जाली दस्तखत कर खाते से उड़ाए 50 हजार रूपये, शातिर युवक गिरफ्तार
कुर्सेला थाना क्षेत्र के भदैया टोला निवासी कुमोद कुमार मंडल के एसबीआई खाते से निकासी फॉर्म पर फर्जी हस्ताक्षर कर 50,000 रुपये निकाल लिए गए। खाते से निकासी का मोबाइल पर मैसेज मिलते ही पीड़ित ने बैंक जाकर पड़ताल की और कुर्सेला थाना में कांड संख्या 414/26 दर्ज कराया। मामले की तफ्तीश में जुटी कुर्सेला पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान व मानवीय सूचना की मदद से मुख्य अभियुक्त अभिषेक कुमार (21 वर्ष, पिता- संजय कुमार ठाकुर, निवासी- भदैया) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के घर की तलाशी लेकर खाते से निकाली गई 50,000 रूपये की पूरी राशि भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दोनों ही मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की शत-प्रतिशत राशि सुरक्षित बरामद कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह