मालगाड़ी के चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत, एक घायल
भागलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। साहिबगंज-भागलपुर रेलखंड पर एक दर्दनाक हादसे में तीन रेल मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
हादसा शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन और लक्ष्मीपुर भोरंग हॉल्ट के बीच शिवनारायणपुर सिग्नल के समीप हुआ, जहां चारों मजदूर रेलवे ट्रैक के रखरखाव कार्य के लिए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि मजदूर डाउन लाइन पर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से यह भीषण हादसा हो गया। घायल को उपचार के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरपीएफ निरीक्षक सिमरन चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। शिवनारायणपुर थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर एक संवेदक के अधीन रेलवे के अप लाइन पर मेंटेनेंस कार्य के लिए जा रहे थे। वे डाउन लाइन के सहारे पैदल कार्यस्थल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में चारों मजदूर आ गए।
हादसे में झारखंड के साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ निवासी रामप्रसाद, रामू और रंगदा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रधान हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर