एसएसबी और बथनाहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
अररिया 02 अक्टूबर(हि.स.)।
एसएसबी 56वीं वाहिनी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो गांजा और अन्य सामानों के साथ तीन तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एसएसबी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना प्राप्त हुई कि नेपाल से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ व्यक्ति गांजा लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं।
सूचना की पुष्टि होते ही एसएसबी आई समवाय फुलकाहा, बाह्य सीमा चौकी पथरदेवा और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। संयुक्त गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 184 से लगभग 5 किलोमीटर भारत की तरफ, बथनाहा बाजार के समीप नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। उसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर आ रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया तो गश्ती दल को देखते ही भागने का प्रयास किया, जिन्हें तत्परता से पीछा कर मौके पर ही दबोच लिया गया।
पकड़े गए व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से छह किलो गांजा,तीन मोबाइल, दो मोटरसाइकिल, 27 हजार 500 रूपये भारतीय करेंसी और 405 नेपाली करेंसी बरामद किया गया।
मामले में समस्तीपुर जिला के खानपुर थाना क्षेत्र के नाथूद्वार के 32 वर्षीय लक्ष्मण दास पिता स्व. राम बदन दास,29 वर्षीय चंदन कुमार महतो पिता अरुण महतो और फुलकाहा थाना क्षेत्र के भंगही निवासी 28 वर्षीय गुल मोहम्मद पिता हबीज़ को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने स्वीकार किया कि वे मादक पदार्थों की तस्करी में बतौर कैरियर काम कर रहे थे। वे इस खेप को सुनसरी के साहेबगंज से लाकर सुपौल में एक अज्ञात व्यक्ति को सौंपने जा रहे थे।
जब्त किए गए गांजे, वाहनों एवं अन्य सामग्रियों सहित गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु बथनाहा पुलिस थाना के सुपुर्द किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर