स्मैक तस्करी के तीन अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य गिरफ्तार

 


अररिया 09 अक्टूबर(हि.स.)। एसपी जितेन्द्र कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने 300 ग्राम स्मैक के साथ मादक पदार्थों के तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।अररिया आरएस थाना पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर अररिया गलगलिया रेल लाइन के पास स्मैक आदान प्रदान करने के समय कार्रवाई करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल संख्या बीआर 38 एआर 8982 और चार स्मार्ट फोन के साथ पांच सौ रूपये नगद भी बरामद किया।जानकारी सदर एसडीपीओ ने शुक्रवार के शाम को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अररिया बस स्टैंड वार्ड संख्या 16 निवासी 30 वर्षीय दीपू मल्लिक पिता नारायण मल्लिक,भरगामा थाना क्षेत्र के शेखपुरा वार्ड संख्या दो निवासी 34 वर्षीय पवन कुमार यादव पिता सुरेश यादव और पश्चिम बंगाल के मालदा जिला के कालियाचक कदम टोला वार्ड संख्या एक निवासी 31 वर्षीय वसीम शेख पिता युनुस शेख को गिरफ्तार किया है।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हड़िया नहर के आस पास अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य के द्वारा बड़े पैमाने पर स्मैक मंगवाया जा रहा है।सूचना के आलोक में एसटीएफ के साथ घेराबंदी कर दीपू मल्लिक,पवन कुमार यादव और वसीम शेख को गिरफ्तार किया गया।इसके पास से तीन जिपर में तीन सौ ग्राम स्मैक बरामद किया गया।मामले में एनडीपीएस एक्ट और 111 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि दीपू मल्लिक का पुराना आपराधिक इतिहास है।जोगबनी,डगरूआ और अररिया थाना में कुल सात मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार और अन्य संगीन मामलों में केस दर्ज है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर