152 ग्राम स्मैक के साथ बाइक सवार दंपत्ति सहित कुल तीन गिरफ्तार

 


अररिया, 30 सितम्बर(हि.स.)।

जिले की फारबिसगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एनएच 27 सिरसिया ओवरब्रिज पुल के पास से वाहन चेकिंग के क्रम में बाइक सवार एक दंपत्ति को 152 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।स्मैक को पति के साथ बैठी महिला अपने कंधे में लटकाए बैग में रखी हुई थी।पुलिस ने पकड़ाए दंपत्ति की निशानदेही पर स्मैक सप्लाई करने वाले सप्लायर को भी गिरफ्तार किया।जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने बुधवार शाम को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को यह सूचना मिली थी कि अररिया से फारबिसगंज की ओर एक मोटरसाइकिल पर सवार दंपत्ति स्मैक का खेप लेकर जा रहा है।सूचना पर फारबिसगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच 27 फोरलेन सड़क पर सिरसिया ओवरब्रिज के पास वाहन चेकिंग अभियान लगाया।वाहन चेकिंग के दौरान हीरो पैशन पर सवार एक दंपत्ति पुलिस को देखकर अचानक बाइक को मोड़कर भागने की कोशिश की,लेकिन पुलिस ने खदेड़ते हुए दबोच लिया और एनडीपीएस एक्ट के एसओपी का पालन करते हुए तलाशी ली तो महिला के कंधे पर लटके बैग से 152 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।

गिरफ्तार दंपत्ति फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर उत्तर का रहने वाला सुबोध कुमार पिता स्व.विद्यानंद यादव और उसकी पत्नी आरती कुमारी को गिरफ्तार किया।पकड़े गए दंपत्ति से पूछताछ करने पर सप्लायर का नाम बताया और पुलिस ने उनकी निशानदेही पर नगर थाना क्षेत्र के चातर वार्ड संख्या 12 निवासी स्मैक सप्लायर नीतीश कुमार पिता विनोद यादव को गिरफ्तार किया।मामले में फारबिसगंज थाना में कांड 641/26 दिनांक 30 सितम्बर 2026 एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी),21(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

छापेमारी दल में फारबिसगंज अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता,एसआई अमित राज,सिपाही नवल कुमार,शिव कुमार,पल्लवी कुमारी,दीपा कुमारी,विभा रानी और सुष्मिता कुमारी शामिल थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर