बक्सर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण
बक्सर, 30 जुलाई (हि.स.)।
नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर नगर परिषद बक्सर द्वारा गुरुवार को होटल ईडेन ब्लू में नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों के लिए 'ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्लूएम) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को एसडब्लूएम-रुल-2026 तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की नई व्यवस्थाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तथा वैज्ञानिक निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में आईआईटी के विशेषज्ञों ने आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, प्रोसेसिंग तकनीक और पर्यावरणीय मानकों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से जनप्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा विभिन्न नगर निकायों में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने बताया कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्हें अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने, लोगों को जागरूक करने तथा कचरे के पृथक्करण को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने का संकल्प लिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस पहल से बक्सर शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra