किशनगंज में बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी, जेवरात और नगदी ले उड़े चोर

 


किशनगंज, 23 मई (हि.स.)। शहर के उत्तर पाली पुलिस लाइन के समीप स्थित एक घर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी की चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब घर का पूरा परिवार दिल्ली गया हुआ था। मामले को लेकर पीड़ित अजीत कुमार मंडल ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार अजीत कुमार मंडल 16 मई को अपने परिवार के साथ दिल्ली गए थे। कई दिनों बाद जब परिवार वापस घर लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई मिली।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चोर खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किए थे। इसके बाद उन्होंने घर में रखे कीमती जेवरात और लगभग 30 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए जेवरात में मंगलसूत्र, मांग टीका, नथिया, तीन अंगूठियां, तीन जोड़ी कान की बालियां, दो नाक के गहने, दो सोने की चेन तथा दुर्गा जी का लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा कई चांदी के आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह