मांझी में बंद घर से लाखों के जेवर व नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

 




सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। मांझी थाना क्षेत्र के घोरहट मठिया गांव में बिहार पुलिस के रिटायर्ड दारोगा श्याम सुंदर भारती के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार बीते 7 जुलाई को बाहर घूमने गया हुआ था। सोमवार की रात जब परिवार वापस लौटा, तो घर के कमरों के ताले टूटे और सामान अस्त-व्यस्त देख दंग रह गया।

आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते रोशनदान से घर में दाखिल हुए थे। इससे पहले 10 जुलाई को भी गांव के दो अन्य बंद मकानों में चोरी हुई थी। पुलिस का मानना है कि तीनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत है।

मामले में थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि चोरों को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार