पैनिक होने की कोई आवश्यकता नही गैस की नही है कोई किल्लत : डीएम

 


सहरसा, 17 मार्च (हि.स.)।जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिलांतर्गत समेकित रूप से कार्यशील 32 एलपीजी गैस आपूर्तिकर्ता के साथ आयोजित बैठक के दौरान समीक्षा के क्रम में यह तथ्य उभरकर सामने आया कि वितरण कार्य के सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के उदेश्य से पर्यवेक्षकीय कार्यों हेतु प्रखंडवार वरीय पदाधिकारियों,पुलिस पदाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला स्तर पर वितरण कार्य संबंधित समस्या निवारण हेतु नियंत्रण कक्ष(दूरभाष संख्या:06478222753) निरंतर कार्यशील रहेगा।जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिलांतर्गत गैस संचालकों के साथ आयोजित बैठक में एलपीजी गैस आपूर्ति की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति समीक्षा के क्रम में बैकलॉग को यथाशीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने उक्त वर्णित के संदर्भ में कालाबाजारी के विरुद्ध कठोरतम कारवाई की चेतावनी देते हुए कहा की एलपीजी गैस वितरण के सुचारु संचालन हेतु जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है।एलपीजी, गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार अनियमितता संज्ञान में आने पर सम्बंधित गैस एजेंसी,व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम कारवाई सुनिश्चित की जायगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार,जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।साथ ही राज्यनिदेशानुसार सहरसा जिलांतर्गत एलपीजी गैस आपूर्ति वितरण की वर्तमान क्रियान्वयन स्थिति,परिलक्षित समस्याओं के त्वरित निवारण हेतु प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में गैस की कमी को देखते हुए पैनिक होने की जरूरत नहीं है। बहुत जल्द युद्ध के हालात ठीक हो जाएंगे। भारत गैस आना शुरू हो गया है। बरौनी में भी 20% गैस की आपूर्ति हो रही है।उसी प्रकार मोतिहारी, आरा, दीघा एवं पूर्णिया से भी गैस आपूर्ति निर्मित की जा रही है।उन्होंने कहा कि समाज में भ्रांति फैली है की मध्य पूर्व में युद्ध चल रहा है। इससे आने वाले दिनों में गैस की किल्लत हो सकती है इसीलिए लोगों में होल्डिंग करने की होड मची है। इस अपरा तफरी के बीच सरकार द्वारा गैस वितरण को सुचारू बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा डिप्लोमेसी जारी है। बहुत जल्द सभी समस्याओं का समाधान होने वाला है।,

उन्होंने कहा कि देश में डीजल पेट्रोल की कोई कमी नहीं है उसी प्रकार गैस की भी उपलब्धता आने वाले दिनों में सामान्य होगी।उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिदिन 4.4 औसत की दर से 5202 सिलेंडर आपूर्ति की जाती थी।वही पिछले चार दिनों से 7900 सिलेंडर आपूर्ति की जा रही है। जिला अंतर्गत उपभोक्ताओं की संख्या 3 लाख 78 हजार है।वही वाणिज्यिक सिलेंडर प्रतिदिन आवश्यकता 99 है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार